भौतिकता के दौर में जो सबसे बड़ा नुकसान हुआ है, वह है मूल्यों का खोना। विलासिता के दौर में मनुष्य का स्तर भी एक वस्तु के बराबर होता जा रहा है। हमने बड़े-बड़े बाजार खड़े कर लिए लेकिन दुर्घटना यह घट गई कि इस बाजार में हमारी औकात सामान जितनी ही रह गई है। हम जीवन का आनंद तलाशने के लिए बाजार में निकले और परेशानियां खरीद लाए। अक्सर जीवन में यह कमी रह जाती है, हमें चाहिए क्या और हम क्या खरीद रहे हैं।
जरूरत की चादर और मोह की दुशाला इन दोनों में जो फर्क है उस अंतर को समझने का अब समय आ रहा है। यह पूरा सप्ताह दीपावली के पूर्व खूब खरीददारी का समय होगा। धन, वैभव, सम्पत्ति और साधन सभी अपने आकर्षक रूप में साधकों को घेरेंगे। वस्तुएं खरीदते-खरीदते कहीं हम स्वयं भी वस्तु न बन जाएं। अध्यात्म मार्ग के लोगों को ध्यान रखना होगा कि आवश्यक वस्तुएं तो बसाई जाएं लेकिन उससे मोह न पालें, क्योंकि मोह धीरे से लोभ में बदल जाएगा और लोभ भक्ति में बाधक होता है। आने वाले सात दिनों में माया अपने पूरे दबाव के साथ साधकों के जीवन में प्रवेश हेतु तैयार रहेगी। परमहंस रामकृष्ण कहा करते थे माया को सरलता से समझना हो तो श्रीरामकथा के एक दृश्य में प्रवेश किया जाए। वनवास के समय श्रीराम आगे चलते थे मध्य में सीताजी होती थीं और उनके पीछे लक्ष्मण रहते थे। इस दृश्य पर तुलसीदासजी ने लिखा है च्च्आगे राम अनुज पुनि पाछें मुनि बर बेष बने अति काछें, उभय बीच सिय सोहति कैसे। ब्रह्म जीव बिच माया जैसेज्ज् इसका अर्थ है भगवान श्रीराम परमात्मा का रूप हैं, लक्ष्मणजी आत्मा या कहें जीवात्मा हैं और इन दोनों के बीच में माया स्वरूप में सीताजी हैं। सीताजी रामजी के चरणों की अनुगामी थीं। जहां-जहां श्रीराम पैर रखते थे वहीं-वहीं सीताजी चलती थीं और इसी कारण लक्ष्मणजी श्रीरामजी को ठीक से देख नहीं पाते थे। संयोग से कोई मोड़ आ जाए तो लक्ष्मणजी को श्रीराम दिख जाते थे। संदेश यह है कि परमात्मा और जीवात्मा के बीच जब तक माया है परमात्मा दिखेंगे नहीं। किसी मोड़ पर माया जरा सी हटी और परमात्मा के दर्शन हुए। भक्ति में ऐसे मोड़ आते ही रहते हैं। इसलिए आने वाले सात दिनों में माया तो रहेगी पर हमें मोड़ बनाए रखना है। यहीं हमारी भक्ति की परीक्षा होगी।
यह माया ही हमें परमात्मा से दूर रखती है। परमात्मा कभी अपनी माया हमारे बीच से नहीं हटाएगा। यह प्रयास तो खुद हमें करना होगा कि माया से ऊपर उठकर या दाएं-बाएं होकर हम परमात्मा को देख लें। यह एक बार का काम नहीं, इसके लिए लगातार प्रयासरत होना पड़ेगा।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें