लेबल

peace

शनिवार, जनवरी 15, 2011

स्मृतियों को सहेजें, सही उपयोग करें

यादें यानी स्मृतियां, हर किसी के साथ जुड़ी होती हैं। कुछ अच्छी तो कुछ दु:खद। आदमी की ये आदत होती है वह या तो भूतकाल की यादों में जीता है या भविष्य की कल्पना में। स्मृतियां आवश्यक भी है, लेकिन इनका सही उपयोग हो। हम यादों में खोकर समय न गवाएं बल्कि स्मृतियों से प्रेरणा का काम लें।

स्मृतियां आदमी को बना भी देती हैं और बिगाड़ भी देती हैं। कई लोग खयालों में खो कर बरबाद हो गए और अनेक लोग खयालों को सपने बनाकर उन्हें पूरे कर आबाद हो गए। बहुत सारी बातों को याद रखना स्मृति नहीं होता। जो भूलने लायक है उसे भूला दिया जाए और जो याद रखने लायक हो उसे याद रखा जाए। इस विवेक शक्ति का नाम स्मृति है। बेकार की बातों को याद रखने का अर्थ है बुद्धि पर अकारण बोझ डालना।

गीता में श्रीकृष्ण ने अर्जुन को इस दार्शनिक तथ्य से समझाया था कि ऐसे स्मृतियों के बोझ से दबी बुद्धि को फिर उन विषयों में आसक्ति हो जाती है। यहीं से बुद्धि की सामथ्यर्ता नष्ट होने लगती है।

संत फकीर इस कला को जानते हैं कि साधना पथ में स्मृतियों का कैसे उपयोग किया जाए। निरंकारी संप्रदाय के संस्थापक संत बूटासिंह नहीं भूलते थे कि वे कभी अपनी आजीविका चलाने के लिए अंग्रेज सैनिकों के शरीर पर विभिन्न जानवरों और कभी-कभी स्त्रियों के चित्र-आकृति गोदा करते थे। पेशावर से लेकर कई ब्रिटिश राजधानियों में वे यही काम करते थे, लेकिन शरीर पर गोदने का काम करते-करते वे लोगों की आत्मा को भी स्पर्श कर लेते थे। हाथों से काम शरीर पर गोदना था पर वाणी से चर्चा आध्यात्मिक किया करते थे। देखते ही देखते पश्चिमी भारत में उन्हें गुरु का दर्जा प्राप्त हो गया। १९४३ में देह छोडऩे वाले ये संत स्मृतियों के सद्पयोग का उदाहरण हैं।

अब दुरुपयोग भी देख लें। आज के समय में ऐसे अनेक संत, गुरुओं के आंतरिक अनुभवों को उनके शिष्य उपभोक्ता सामग्री बनाकर पेश कर रहे हैं। आज के दौर में गुरुओं के विचारों को शिष्य-भक्तगण अध्यात्म धर्म की मंडी में बेच दें यहां तक तो ठीक है, पर अब तो गुरु स्वयं ही प्रोडक्ट बनकर अपनी ही बोलियां लगवा रहे हैं। यह स्मृतियों का दुरुपयोग है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें