लेबल

peace

रविवार, जनवरी 16, 2011

मित्रता भावों से हो, शक्ति या औहदे से नहीं

अधिकतर लोग मित्रता उनसे गांठ लेते हैं जिनके पास कोई पद हो, वैभव हो या शक्ति हो। यह रिश्ता बहुत महत्वपूर्ण होता है। लोग यह भूल जाते हैं कि जिससे मित्रता कर रहे हैं, उसके गुण क्या है, अमीर हो लेकिन अहंकारी, शक्तिशाली हो लेकिन आततायी, वैभवशाली हो लेकिन भोगप्रवृत्ति का हो तो ऐसे आदमी से दोस्ती करना निरर्थक ही नहीं कभी-कभी अपने लिए भी अपमान का कारण बन सकता है। मित्रता हमेशा भाव और समर्पण देख कर रहें, तभी आपके काम ठीक होंगे। अगर सोद्देश्य मित्रता भी है तो उसमें भी इन बातों का ध्यान रखना जरूरी है। श्रीराम को सुग्रीव व साथियों से इतनी जानकारी मिल गई थी कि सीता का अपहरण हुआ है। कोई राक्षस विमान से सीता को दक्षिण दिशा में ले गया है। मुद्दा था सीताजी की खोज। सुग्रीव ने श्रीराम को आश्वस्त किया था कि सब प्रकार करिहउँ सेवकाई। जेहि बिधि मिलिहि जानकी आई॥ ''मैं सब प्रकार आपकी सेवा करूंगा, जिस उपाय से जानकीजी आकर आपको मिले।ÓÓ श्रीराम से सुग्रीव की पहली ही मुलाकात में यह वार्तालाप हुआ था। श्रीराम के पास यह विकल्प था कि वे सीता शोध जैसे महत्वपूर्ण कार्य के लिए या तो सुग्रीव से मित्रता करें या बालि से। बालि उस समय बलशाली थे और राजा थे किंतु श्रीराम ने मैत्री सुग्रीव से की क्योंकि बालि अहंकारी थे और अनुचित, अन्याय के प्रति विरोध नहीं करते थे। एक और महत्वपूर्ण पक्ष यह था कि श्रीराम और सुग्रीव की मैत्री हनुमानजी ने करवाई थी। कीन्ही प्रीति कछु बीच न राखा। दोनों ने हृदय से प्रीति का कुछ भी अंतर नहीं रखा। यह श्रीराम की विशिष्टï शैली थी कि उन्होंने विवेक से सुग्रीव पर विश्वास किया। जिस पर विश्वास किया जाए, उसे पूरा अधिकार भी दिया जाए। श्रीराम ने सुग्रीव पर पूरा विश्वास कर अधिकार दिया कि वे सीता की खोज करें। इसी विश्वास की प्रेरणा का आधार था कि सुग्रीव ने अपनी पूरी ताकत सीता शोध में झोंक दी। अपनी सेवा से उन्होंने कहा था - राम काजु अरू मोर निहोरा। बानर जूथ जाहु चहुँ ओरा।। '' हे वानरों के समूह यह श्रीराम का कार्य है और मेरा अनुरोध है तुम चारों ओर जाओ।ÓÓ श्रीराम ने सुग्रीव को निर्णय लेने का अधिकार दिया और सुग्रीव उस पर खरे उतरे। सीता की खोज हुई और लक्ष्य की प्राप्ति।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें